पटना , जून 05 -- ्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। Bइस योजना के अंतर्गत पूर्व में निर्मित ग्रामीण सड़कों का उन्नयन कर उन्हें वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क अवसंरचना उपलब्ध कराना, आवागमन की सुविधा को सुदृढ़ करना तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच को सुगम बनाना है। ग्रामीण सड़कों का उन्नयन कार्य पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को वर्षभर निर्बाध संपर्क सुविधा उपलब्ध हो रही है, जिससे सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिल रही है।

उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत राज्य के सभी जिलों में कुल 3,036 किलोमीटर लंबाई की 859 सड़कों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं 797 ग्रामीण सड़कों का उन्नयन कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिनकी कुल लंबाई 2,883 किलोमीटर है। शेष सड़कों का निर्माण कार्य भी तीव्र गति से प्रगति पर है तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्कता को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क संपर्कता से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है, साथ ही राज्य के समग्र विकास को भी नई गति प्राप्त हो रही है। ग्रामीण कार्य विभाग ग्रामीण सड़कों एवं पुलों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निरंतर कार्यरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित