बर्मिंघम , जुलाई 15 -- भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर का मानना है कि बेहतर कौशल के कारण उन्हें अलग-अलग प्ररूपों में विभन्न भूमिकाओं के हिसाब से ढलने में मदद मिली है। इंग्लैंड के खिलाफ छह विकेट से मिली जीत के बाद वॉशिंगटन सुंदर ने कहा कि उन्हें अलग-अलग भूमिकाओं से मिलने वाली चुनौतियों का सामना करना कितना पसंद है।

उन्होंने कहा, "यह बात रोमांचक है कि मैं अलग-अलग प्रारूपों में अलग-अलग भूमिकाएं निभाता हूं। बहुत कम लोगों को इस तरह की भूमिकाएं निभाने का मौका मिलता है। मुझे अलग-अलग भूमिकाएं निभाने और अलग-अलग स्थितियों में रहने का मौका मिलता है और जाहिर है, मैं टीम को जिताने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करता हूं। पिछले कुछ वर्षों में मैंने समझा है कि मुझे अपने कौशल को बेहतर करते रहना होगा, जिससे मुझे किसी भी स्थिति (अलग-अलग प्रारूप में) में मदद मिलेगी।"वॉशिंगटन ने मुश्किल एजबेस्टन विकेट पर बल्लेबाजी के लिए एकदिवसीय कप्तान शुभमन गिल की तारीफ की।

उन्होंने कहा, "विकेट पर निश्चित रूप से थोड़ी मदद थी, लेकिन शुभमन ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। श्रेयस (अय्यर) के साथ (शुभमन की) साझेदारी भी बहुत महत्वपूर्ण थी। अक्षर पटेल की अहम बाउंड्रीज़ ने हमारे लिए इसे आसान बना दिया। यह उतना आसान नहीं था जितना दिख रहा था। हमने बहुत अच्छा खेला और हमें खुशी है कि हम यह मैच जीत गए।"वॉशिंगटन ने गेंदबाज की तारीफ की और उनके जज़्बे और ज़रूरत पड़ने पर अहम विकेट लेने की काबिलियत की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित