देवरिया , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के भागलपुर ब्लॉक के इशारू गांव में माता-पिता और भाई की मौत के बाद बेसहारा हुईं पांच बालिकाओं की सूचना पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी और महिला कल्याण समिति की टीम ने शनिवार को गांव पहुंचकर बालिकाओं की काउंसलिंग की और उन्हें शासकीय योजनाओं से जोड़ने की पहल की।

आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि जांच में पता चला कि पिता की पांच साल पहले और भाई की तीन साल पहले बीमारी से मृत्यु हो गई थी जबकि परिवार की एकमात्र सहारा मां की 10 दिन पहले मृत्यु हो गई। परिवार में 21 वर्षीय पुष्पा,16 वर्षीय दुर्गा, 14 वर्षीय देववंती, 12 वर्षीय आशु और 10 वर्षीय राधिका कठिन परिस्थितियों में रह रही हैं।

टीम ने मौके पर बालिकाओं की काउंसलिंग कर शिक्षा जारी रखने के लिए नाबालिगों का कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में नामांकन का प्रस्ताव रखा। तत्काल दो बालिकाओं को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) से जोड़ा गया।सभी को आयुष्मान कार्ड और पारिवारिक लाभ योजना से जोड़ने की कार्यवाही की गई। अन्य पात्र योजनाओं से भी लाभ दिलाने के लिए अनुश्रवण किया जा रहा है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने संबंधित कर्मियों को बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और पुनर्वास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित