नयी दिल्ली , अगस्त 31 -- बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर दो से चार सितंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर आयेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि श्री डी वेवर की यह यात्रा श्री मोदी के निमंत्रण पर हो रही है और पिछले वर्ष पदभार संभालने के बाद उनकी यह पहली भारत यात्रा होगी। उनके साथ बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रांकेन भी आ रहे हैं। श्री डी वेवर 3 सितंबर को श्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें भारत-बेल्जियम संबंधों के पूरे दायरे के साथ-साथ आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। वह भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के संदर्भ में भारतीय उद्योग परिसंघ के एक कारोबारी कार्यक्रम में मुख्य वक्तव्य भी देंगे। इसके बाद वह मुंबई जायेंगे, जहां वह हीरा कारोबारियों, बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों सहित विभिन्न हितधारकों के साथ बातचीत करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित