ब्रुसेल्स , अगस्त 15 -- बेल्जियम के सिंट-गिलिस-डेंडरमोंडे शहर में एक सामान्य नाले की मरम्मत का काम के दौरान मजदूरों को जमीन के भीतर छिपा हुआ एक अमूल्य खजाना मिला। सीवर की पाइपलाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान मिले इस खजाने में भारी मात्रा में सोने के सिक्के, सोने के बिस्किट और कीमती सिल्लियां शामिल हैं। शुरुआती अनुमानों के अनुसार इस खजाने की कुल कीमत लगभग नौ मिलियन यूरो यानी भारतीय मुद्रा में करीब अस्सी से पचासी करोड़ रुपये आंकी गई है।

इस चौंका देने वाली बात का पता तब चला जब एक अठारह वर्ष का एक छात्र, गर्मियों की छुट्टियों में वहां मजदूरी का काम कर रहा था। उसे पुरानी बीयर फैक्ट्री के पास नाली खोदने का काम मिला था। कुदाल चलाते समय उसे मिट्टी और तहखाने की पुरानी दीवार के पीछे कुछ धातु जैसी चीज टकराने की आवाज सुनाई दी। जब उसने और उसके साथी कामगारों ने वहां से मिट्टी हटाई तो उन्हें लगा कि यह मामूली सिक्के हैं, लेकिन और गहराई तक जाने पर सोने की चमकदार छड़ें और प्राचीन सिल्लियां बाहर आने लगीं।

बीबीसी के अनुसार इतिहासकारों और विशेषज्ञों का मानना है कि यह खजाना उन्नीसवीं सदी का है और इसका संबंध उस समय की एक प्रसिद्ध बीयर फैक्ट्री के मालिक थियोफिलस वान एशे से है। माना जा रहा है कि उस दौर की राजनीतिक उथल-पुथल या वित्तीय असुरक्षा के चलते उन्होंने अपनी जिंदगी भर की कमाई को इस तरह तहखाने की दीवार में चुनवा कर सुरक्षित छिपा दिया होगा। दशकों तक दीवार के पीछे दबे रहने के कारण यह खजाना आज तक किसी की नजरों में नहीं आ सका था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित