धमतरी, फरवरी 26 -- ) छत्तीसगढ़ में धमतरी नगर निगम में बेलिंग मशीन खरीदी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने आज नगर निगम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान निगम प्रशासन के खिलाफ तीखे आरोप लगाए गए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

दरअसल, कुछ दिन पूर्व नगर निगम द्वारा बेलिंग मशीन की खरीदी के लिए निविदा जारी की गई थी। निविदा में मशीन के लिए स्पष्ट तकनीकी मापदंड निर्धारित किए गए थे। शर्तों के अनुसार मशीन डबल सिलेंडर तथा 10 एचपी मोटर क्षमता की होना अनिवार्य बताया गया था।

कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि खरीदी प्रक्रिया में तय तकनीकी मापदंडों का पालन नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि निविदा शर्तों से समझौता कर उपकरण खरीदा गया है, तो यह वित्तीय अनियमितता का गंभीर मामला है।

प्रदर्शन कर रहे पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।

वहीं, निगम प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित