बेलगावी , जुलाई 26 -- कर्नाटक के बेलगावी जिले में 'मीडिया ब्लैकमेलिंग' के मामले में पत्रकार बनकर एक ग्रामीण के पास गांजे का पैकेट रखने, उसका वीडियो बनाने और उसे नशीले पदार्थों के मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने के आरोप में पुलिस ने रविवार को चार यूट्यूबर्स को गिरफ्तार किया है।

पीड़ित कोटबागी गांव के निवासी महबूब जमादार की शिकायत के आधार पर हुक्केरी थाना पुलिस ने आरोपी कल्लप्पा मलाज, मल्लिकार्जुन जुलाफी, पृथ्वीराज चौहान और डेविड तांगेराला को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले से तय साजिश के तहत जमादार को गांजे का पैकेट थमाया और चोरी-छिपे इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके तुरंत बाद, उन्होंने उसे घेर लिया और दावा किया कि वह नशीले पदार्थों के साथ पकड़ा गया है। आरोपियों ने मामला रफा-दफा करने के लिए तीन लाख रुपये मांगे और पैसे न देने पर पुलिस के हवाले करने की धमकी दी।

गिरफ्तारी और सामाजिक बदनामी के डर से जमादार ने गिरोह को 60,000 रुपये दे दिये। जब वह बाकी रकम नहीं दे सका तो आरोपियों ने वह वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड कर दिया और उस पर पैसों के लिए दबाव बनाना जारी रखा।

जमादार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए हुक्केरी पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की, जिसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गयी एक कार, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामग्री जब्त की है।

जांच अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या आरोपियों ने पत्रकारिता और सोशल मीडिया रिपोर्टिंग की आड़ में अन्य लोगों को भी निशाना बनाने के लिए इसी कार्यप्रणाली का इस्तेमाल किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित