चम्पावत , जनवरी 19 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा चंपावत में घाट-बिलखेत राष्ट्रीय राजमार्ग के सुधार और रखरखाव के लिए केन्द्र सरकार की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके लिए 70 करोड़ की धनराशि को मंजूरी दी गई है।

अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग दीपक जोशी के अनुसार केन्द्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से बिलखेत-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग के सुधारीकरण और रखरखाव के लिए वित्तीय स्वीकृति दी गई है। पीबीएमसी योजना के तहत 70 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इस परियोजना के अन्तर्गत डामरीकरण एवं सतह सुधार के साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए क्रैश बैरियर, पैरापेट एवं सुरक्षा दीवारों का निर्माण, कैट आईज, नालियों का निर्माण, छोटे पुलों एवं कलवर्ट की मरम्मत, सुरक्षा संकेतक एवं अन्य संरचनात्मक सुधार के कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इन सभी कार्यों के लिए निविदा एवं अनुबंध की प्रक्रिया गतिमान है। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे।

इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद न केवल सड़क की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार होगा बल्कि दुर्घटनाओं में कमी, यातायात की सुगमता, पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि तथा स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधाएं भी सुनिश्चित होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित