चंडीगढ़ , मई 01 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने रबी विपणन सीजन 2026-27 के लिए गेहूं खरीद नियमों में केंद्र सरकार द्वारा दी गई विशेष छूट का स्वागत किया है। उन्होंने इसे किसानों के हित में लिया गया महत्वपूर्ण और दूरदर्शी निर्णय बताया।

उन्होंने कहा कि यह फैसला राज्य सरकार द्वारा किसानों की चिंताओं को प्रभावी ढंग से केंद्र के समक्ष उठाने का परिणाम है। हाल ही में हुई बेमौसम बारिश से हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित हुई थी, जिसे देखते हुए केंद्र ने त्वरित कदम उठाए।

सरकार द्वारा लागू राहत उपायों के तहत गेहूं में चमक की कमी की सीमा को बढ़ाकर 70 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं सिकुड़े और टूटे दानों की सीमा 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है। इसके अलावा क्षतिग्रस्त और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त दानों की कुल अनुमेय सीमा 6 प्रतिशत निर्धारित की गई है।

यह निर्णय रबी विपणन सीजन की शुरुआत से ही लागू कर दिया गया है, जिससे राज्य के किसानों को सीधा लाभ मिल सके। मंत्री ने कहा कि इससे किसानों को उनकी उपज पर कटौती से राहत मिलेगी और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित