रायबरेली , सितम्बर 27 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बेमौसम बारिश, जलभराव व तेज हवा से प्रभावित फसलों की क्षति का सर्वेक्षण कराया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय ने बताया कि खरीफ 2026 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित फसलों में वर्तमान मौसम के कारण क्षति की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने बीमित किसानों से नियमानुसार 72 घंटे के भीतर फसल क्षति की सूचना देने की अपील की है।

पुलिस से इतर विभागीय जानकारी के अनुसार, जिले में खरीफ सीजन के लिए धान, ज्वार, तिल, मूंगफली व अरहर की फसलों को ग्राम पंचायत स्तर पर अधिसूचित किया गया है। योजना के तहत बाढ़, ओलावृष्टि, तूफान, चक्रवात, जलभराव, भूस्खलन, आकाशीय बिजली से उत्पन्न आग सहित अन्य जोखिमों से होने वाली क्षति को शामिल किया गया है।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि प्राकृतिक आपदा व मध्यावस्था में फसल क्षति के आकलन के लिए राजस्व, कृषि विभाग व बीमा कंपनी के अधिकारियों की संयुक्त सर्वेक्षण टीम गठित की गई है। टीम प्रभावित क्षेत्रों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वेक्षण कर अपनी रिपोर्ट बीमा कंपनी को देगी। इसके आधार पर नियमानुसार क्षतिपूर्ति का आकलन कर भुगतान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि फसल की बुवाई के एक माह बाद से कटाई के 15 दिन पूर्व तक प्रतिकूल मौसम के कारण संभावित उपज की तुलना में सामान्य उपज में 50 प्रतिशत से अधिक कमी होने पर निर्धारित फार्मूले के अनुसार बीमा कंपनी की ओर से तात्कालिक सहायता दी जाती है। इस अवधि में हुई फसल क्षति को योजना के प्रावधानों के तहत संज्ञान में लिया जाएगा।

स्थानिक आपदा के मामलों में ओलावृष्टि, भूस्खलन, जलभराव, बादल फटने व आकाशीय बिजली से उत्पन्न आग से हुई क्षति का व्यक्तिगत बीमित किसान के स्तर पर आकलन किया जाएगा। इसी तरह फसल कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी फसल को आगामी 14 दिनों के भीतर ओलावृष्टि, चक्रवात अथवा बेमौसम या चक्रवाती बारिश से हुई क्षति भी योजना के प्रावधानों के तहत आंकी जाएगी।

जिले के लिए नामित बीमा कंपनी यूनिवर्सल सोम्पो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड है। बीमा कंपनी को क्षति की सूचना मिलने के बाद 30 कार्य दिवस के भीतर प्रभावित ग्राम पंचायत के बीमित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति का भुगतान भारत सरकार के फसल बीमा पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।

बीमित किसान आपदा की घटना के 72 घंटे के भीतर भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 पर अनिवार्य रूप से सूचना दें। इसके अलावा संबंधित बैंक शाखा, जहां से फसल बीमा कराया गया है, ब्लॉक स्तर पर स्थापित बीज भंडार अथवा कृषि विभाग के जिला कार्यालय में भी फसल क्षति की सूचना दी जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित