बेमेतरा , अप्रैल 27 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिला मुख्यालय में भारतीय युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ कार्यकर्ताओं ने कृषि मंत्री और गो सेवा आयोग के खिलाफ पुतला दहन कर विरोध जताया।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जिला पंचायत क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पूर्व में भी प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में गो-वंश की लगातार हो रही मौत और फसल नुकसान जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार 24 नवंबर 2025 को भी ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं और किसानों को मुआवजे के लिए भटकना पड़ रहा है।

इस दौरान जिला मुख्यालय के सिग्नल चौक पर कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन करते हुए नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। साथ ही 28 अप्रैल से पुराना बस स्टैंड सिग्नल चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा भी की गई है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और किसानों की मांगों पर कब तक कार्रवाई होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित