बेमेतरा , नवंबर 03 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी होलोग्राम और रैपर लगी 535 पौवा अंग्रेजी शराब सहित करीब 10.69 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है। मामले की जांच में बिलासपुर निवासी राजा भाटिया का नाम भी सामने आया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में साइबर सेल, नांदघाट थाना और चंदनू थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की। इस दौरान दिलीप बंजारे, राजू साहू, मोतीलाल साहू, डोमन निषाद और मनोज यादव को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि नांदघाट थाना क्षेत्र से 453 पौवा और चंदनू थाना क्षेत्र से 82 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 96 लीटर 300 मिलीलीटर है। इसके अलावा अवैध परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक ईको कार, एक स्कॉर्पियो, बिना नंबर की एक्टिवा और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 69 हजार 200 रुपये बताई गई है।

प्रारंभिक जांच में शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और रैपर फर्जी पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इस कारोबार के पीछे अवैध शराब की आपूर्ति और बिक्री से जुड़ा नेटवर्क सक्रिय है। जांच के दौरान बिलासपुर निवासी राजा भाटिया का नाम सामने आया है। पुलिस उसकी भूमिका और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के संबंध में जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित