रायपुर , अक्टूबर 26 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत संचालित रोजगारमूलक एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए योजना के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने रविवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा किया, जिसकी जानकारी विभाग ने सोमवार को दी गई।

इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना विकास और आजीविका संवर्धन से संबंधित कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को ग्रामीणों की मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिन्हा ने धार-अपार अभियान के अंतर्गत नदी किनारे चल रहे जल संरक्षण एवं ट्रेंच निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद 138 श्रमिकों से बातचीत कर रोजगार की स्थिति और मजदूरी भुगतान की जानकारी ली। साथ ही श्रमिकों को योजना के प्रावधानों से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने एनएमएमएस ऐप के माध्यम से स्वयं श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

आयुक्त ने ग्राम पंचायत ताला में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और चारभाठा में स्कूल शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत बाबामोहतरा में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं और श्रमिकों से संवाद कर स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की।

उन्होंने ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगारमूलक कार्यों को प्राथमिकता देने और जनभागीदारी से टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत जेवरा (एन) में 26 एकड़ क्षेत्र में विकसित फलदार वृक्षारोपण का निरीक्षण करते हुए श्री सिन्हा ने पंचायत के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्य पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों के लिए भविष्य में आय के अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराने में सहायक हो सकते हैं।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत कठिया में आयुक्त ने पोस्ट मानसून जलदूत ऐप के माध्यम से कुओं के जलस्तर मापन कार्य की शुरुआत की। उन्होंने स्वयं एक कुएं के जलस्तर की रीडिंग लेकर ऐप में अपलोड की। इस पहल से मानसून के बाद भूजल स्तर की स्थिति का आकलन करने और जल संरक्षण की आगामी कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी।

मैदानी निरीक्षण के बाद बेमेतरा सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त सिन्हा ने जिला पंचायत एवं जिले की सभी जनपद पंचायतों के अधिकारियों-कर्मचारियों से योजनांतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को रोजगार से जोड़ने, श्रमिकों को समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण के साथ रोजगार के अवसरों का विस्तार हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित