बेमेतरा , नवंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिला प्रशासन से सोमवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देश पर अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिलेभर में लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अब तक 4640 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक करोड़ दो लाख 62 हजार रुपये बताई जा रही है।
अवैध भंडारण, परिवहन और खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले के सभी अनुविभागों में राजस्व, खाद्य, सहकारिता और मंडी विभाग की संयुक्त टीम सक्रिय है। अब तक कुल 45 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
बेमेतरा अनुविभाग ले 13 प्रकरण दर्ज किये हैं जिसमें राइस मिलरों से 2737 बोरी धान, व्यापारियों से 466 बोरी के साथ कुल 1095 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
बेरला अनुविभाग ने आठ प्रकरण में कुल 1190 क्विंटल धान जब्त किया है। साजा अनुविभाग में 22 प्रकरण दर्ज कर कुल 1991 क्विंटल धान जब्त किया है। इसी तरह नवागढ़ अनुविभाग ने दो प्रकरण में 150 बोरी सहित कुल 60 क्विंटल धान जब्त किया है।
प्रशासन का कहना है कि कई जगह राइस मिलरों और थोक एवं फुटकर व्यापारियों की संलिप्तता सामने आई है, जिन पर अब कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
अवैध धान की आवाजाही रोकने जिले में 10 जांच चौकी बनाए गए हैं, जहां 24 घंटे निगरानी जारी है। प्रत्येक अनुविभाग में गठित उड़नदस्ता दल अचानक छापेमारी कर रहा है, जिससे अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।
अधिकारियों का जोर है कि समर्थन मूल्य पर धान सिर्फ पात्र एवं पंजीकृत किसानों से ही खरीदा जाए ताकि वास्तविक किसानों को योजना का पूरा लाभ मिले।
खरीदी शुरू होने के बाद जिले में अब तक पंजीकृत किसानों से 430500 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। सिर्फ 15 दिनों में 4640 क्विंटल अवैध धान पकड़ना प्रशासन की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
अधिकारियों ने साफ कहा है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध व्यापार या परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
स्थानीय प्रशासन का यह कदम किसानों के हितों की सुरक्षा और खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में एक मजबूत संदेश माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित