बेमेतरा , मार्च 03 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा शहर में उस समय हड़कंप मच गया, जब पिकरी से मानपुर जाने वाले मार्ग पर दुकान के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। मंगलवार सुबह टहलने निकले राहगीरों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुटने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शिनाख्ती के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएगा। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर कोण से जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित