श्रीगंगानगर , फरवरी 24 -- राजस्थान में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने श्रीगंगानगर जिले में प्रस्तावित जन संघर्ष जत्था यात्रा को माकपा के वयोवृद्ध नेता पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल के निधन के कारण स्थगित कर दिया है।
माकपा के जिला सचिव वकीलसिंह ने मंगलवार को बताया कि मुक्त व्यापार समझौता रद्द करने, मनरेगा को बहाल करने, बिजली विधेयक वापस लेने आदि मांगों को लेकर आज घड़साना के शहीद चौक से जन संघर्ष यात्रा की शुरुआत होनी थी जो अनूपगढ़ चक 22 पीटीडी और कल बुधवार को पदमपुर एवं श्रीगंगानगर पहुंचनी थी। अब इस यात्रा को स्थगित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि श्री बेनीवाल के निधन से पूरे जिले में शोक की लहर है। आज अपराह्न चार बजे उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर सहित राज्य के विभिन्न जिलों से माकपा नेता एवं माकपा से जुड़े जनसंगठनों के कार्यकर्ता पहुंचे।
उन्होंने बताया कि एक मार्च को सुबह 10 बजे श्रद्धांजलि सभा रखी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित