बेतिया , अगस्त 20 -- बेतिया नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि शहर के ऐतिहासिक मां कालीधाम कॉरिडोर का विकास बाईस करोड़ की लागत से नौ चरणों पूरा किया जाएगा।

श्रीमती सिकरिया ने जीर्णोद्धार को लेकर शहर में जारी विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैदान के विकास का विरोध करने की आड़ में ऐतिहासिक मां कालीधाम मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का विरोध किया जाना शहर के हित में घातक है। उन्होंने कहा कि बेतिया राजा की ओर से दक्षिणेश्वर के गर्भगृह की तर्ज पर स्थापित कालीधाम मंदिर पौराणिक महत्व की ऐतिहासिक धरोहर है। इसके मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए इसका विकासकिया जाना आवश्यक है।

महापौर ने कहा कि लंबे समय से रखरखाव के अभाव और उपेक्षा के कारण मंदिर परिसर की दुर्लभ वास्तुकला से जुड़ी कई संरचनाएं जर्जर हो चुकी हैं। मंदिर को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए महापौर निर्वाचित होने के बाद मंदिर समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं के अनुरोध पर चहारदीवारी निर्माण की पहल की गयी थी, जिसे पूरा कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित