बेतिया , अक्टूबर 03 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता पांच से सात अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी।
जिला खेल परिसर स्थित खेल भवन में होने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन एसएसबी पटना सीमांत के महानिरीक्षक निशीत कुमार उज्ज्वल करेंगे।
एसएसबी बेतिया क्षेत्र के उपमहानिरीक्षक हरिप्रकाश ने शनिवार को बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी क्षेत्रक मुख्यालय, बेतिया और 65वीं वाहिनी को संयुक्त रूप से सौंपी गई है। इसमें एसएसबी की विभिन्न टीमों के जवान हिस्सा लेंगे। आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए एसएसबी के आधिकारिक शुभंकर 'सुनसर-द गंगेटिक डॉल्फिन' का भी अनावरण किया गया है। गंगा नदी की डॉल्फिन से प्रेरित यह शुभंकर बिहार की प्राकृतिक विरासत एवं जैव विविधता के साथ खेल भावना, ऊर्जा, उत्साह, साहस और सामूहिकता का प्रतीक है।
श्री हरिप्रकाश ने कहा कि जिस प्रकार डॉल्फिन अपनी स्फूर्ति और गति के साथ आगे बढ़ती है, उसी प्रकार एसएसबी के खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में ऊर्जा और उत्साह के साथ प्रदर्शन करेंगे।
श्री हरिप्रकाश कहा कि भारत-नेपाल और भारत-भूटान की खुली एवं संवेदनशील सीमाओं की सुरक्षा के साथ एसएसबी के जवान सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा, खेल और कौशल विकास जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम भी संचालित करते हैं।
उपमहानिरीक्षक ने कहा कि अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता जवानों में शारीरिक चुस्ती, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिक भावना विकसित करने का माध्यम है। इससे खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आपसी सौहार्द और भाईचारे को भी बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित