बेतिया , जून 16 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय स्थित बेतिया अंचल कार्यालय में निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए डाटा एंट्री ऑपरेटर राजकुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी विभाग के सूत्रों ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारवत प्रसारेन निवासी बालेश्वर महतो की बंद पड़ी जमाबंदी को पुनः चालू कराने के एवज में राजकुमार मिश्रा ने 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना निगरानी विभाग को दी, जिसके बाद मामले का सत्यापन कराया गया।

जांच अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि इस मामले के सत्यापन में रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाए जाने पर निगरानी विभाग ने विशेष टीम गठित कर जाल बिछाया। मंगलवार को बेतिया अंचल कार्यालय परिसर में आरोपी को 15 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई का नेतृत्व टीम लीडर श्याम बाबू प्रसाद श्रीवास्तव ने किया। छापेमारी दल में देवीलाल श्रीवास्तव, आशीष चौबे, दिग्विजय सिंह, कृष्ण जीवन कुमार श्रीवास्तव, राहुल कुमार, कृष्णा सिंह, वासिम अहमद, हिमांशु सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने अंचल कार्यालय पहुंचकर अंचलाधिकारी नगमा तबस्सुम से संबंधित मामलों में जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की।

सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार राजकुमार मिश्रा चनपटिया थाना क्षेत्र का पकड़ीहार गांव निवासी है। आरोपी को पूछताछ के बाद निगरानी न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित