भरतपुर , मई 21 -- राजस्थान में अधिक मास के अवसर पर आयोजित हो रही बृज 84 कोस परिक्रमा के दौरान डीग एवं कामा क्षेत्र के परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुख सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर गुरुवार को गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में परिक्रमा मार्ग पर किये जा रहे विकासात्मक एवं जन-सुविधा कार्यों की सघन समीक्षा की।
श्री बेढम ने परिक्रमार्थी श्रद्धालुओं से उनके हालचाल की जानकारी ली। इससे पहले बुधवार देर रात जिला कलेक्टर डीग मयंक मनीष और जिला कलेक्टर भरतपुर कमर उल जमान चौधरी ने परिक्रमा मार्ग का संयुक्त रूप से सघन निरीक्षण भी किया।
श्री बेढम ने बताया कि परिक्रमा मार्ग में आदिबद्री, केदारनाथ सहित प्रमुख पड़ावों पर होंगे सांस्कृतिक आयोजन किये जायेंगे। उन्होंने मार्ग में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, ठहरने के लिए उपयुक्त आश्रय स्थलों और उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ भीषण गर्मी को देखते हुए विश्राम स्थलों पर कूलर की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित