भरतपुर , जून 15 -- राजस्थान में करौली के पाँचना बांध से पानी निकासी को लेकर सिंचित और असिंचित क्षेत्रों के किसानों के बीच चल रहे विवाद पर जिला प्रभारी एवं राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कांग्रेस पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है।

श्री बेढम ने सोमवार को करौली प्रवास के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लेकर दिए गए बयान पर भी तीखा पलटवार करते कहा कि भाजपा को बैन करने जैसे बयान कांग्रेस की हताशा को दर्शाते हैं। कांग्रेस अपने ही कृत्यों के कारण राजनीतिक गर्त में पहुंच चुकी है और जनता उसे लगातार नकार रही है।

उन्होंने पाँचना बांध से पानी निकासी के मामले में बताया कि पांचना बांध से जुड़े तीन पक्ष सक्रिय हैं। पहला पक्ष गंभीर नदी के प्राकृतिक बहाव को बनाए रखने की मांग कर रहा है, जिसके लिए बाढ़ नियंत्रण के उद्देश्य से पांचना बांध का निर्माण हुआ था। दूसरा पक्ष बांध क्षेत्र के आसपास बसे गांवों का है, जो अपने लिए पानी चाहते हैं। वहीं, तीसरा पक्ष सिंचित क्षेत्र के किसान हैं, जिन्हें सिंचाई के लिए पानी की आवश्यकता है। तीनों ही पक्ष किसान हैं और सरकार सभी से संवाद स्थापित करके उचित समाधान निकालेगी। बेढम ने जोर दिया कि किसानों को सिंचाई का पानी मिलना चाहिए और सरकार इसी सोच के साथ काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित