भरतपुर , मई 30 -- राजस्थान में डीग में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम के निवास पर पहुंची आशा सहयोगिनियों से शनिवार को कथित दुर्व्यवहार के बाद बड़ी संख्या में आक्रोशित सहयोगिनियों द्वारा नारेबाजी करके धरना प्रदर्शन किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्री के आवास पर कथित अपमानजनक व्यवहार पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते आशा सहयोगिनियों ने बताया कि समस्याओं के निराकरण के लिए मंत्री के घर गई महिलाओं की बात सुनने के बजाय उन्हें बुरी तरह अपमानित किया गया और वहां से भगा दिया गया।

आशा सहयोगिनियों का आरोप है कि जनता की सुनवाई करने और उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की जिम्मेदारी संभालने वाले जिम्मेदार पद पर बैठे नेताओं के घर पर महिला सशक्तीकरण के इस दौर में महिलाओं के साथ इस तरह का बर्ताव बेहद निंदनीय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित