भदोही , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के भदोही शहर में इंदिरा मिल रेलवे फाटक के निकट गुरुवार देर शाम बेटे को बचाने के प्रयास में एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु हो गयी, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि चौरी क्षेत्र के चकभुईधर गांव निवासी रामसागर राजभर की पत्नी शिवकुमारी राजभर (48) अपनी बेटी को देखने के लिए शहर के इंदिरा मिल स्थित एक निजी अस्पताल गयी थीं। उनकी बेटी को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान शिवकुमारी और उनके पुत्र विशाल राजभर (22) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद विशाल नाराज होकर इंदिरा मिल चौराहे के पास रेलवे ट्रैक की ओर चला गया। उसे रोकने के लिए उसकी मां भी पीछे-पीछे पहुंच गयीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से ट्रेन आती देख शिवकुमारी ने बेटे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ट्रेन की चपेट में आ गये। हादसे में शिवकुमारी की मौके पर ही मृत्यु हो गयी, जबकि विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल विशाल को उपचार के लिए एमबीएस राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। मृतका आशा कार्यकत्री थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित