सहारनपुर , अप्रैल 29 -- सहारनपुर की जिला अदालत में एक महिला की हत्या और हत्यारे पति को सजा दिलाने का ऐसा अनूठा मामला सामने आया है जिसमें बेटे की गवाही ने खुद के पिता को आजीवन कारावास की सजा दिला दी।

मामला सहारनपुर के थाना रामपुर मनिहारान के गांव इस्लामनगर का है। जहां 16 अप्रैल 2021 को प्रदीप सैनी नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी सोनिका की गर्दन पर वार कर हत्या कर दी थी। उस दौरान उनका बेटा भी वहीं मौजूद था। जिसने अपने पिता को अपनी मां की हत्या करते हुए देख लिया था।

इस मामले में मृतका के पिता दीपक सैनी ने रामपुर मनिहारान में अपने हत्यारोपी दामाद प्रदीप सैनी, उसकी मां कौशल और देवर संदीप सैनी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में एडीजे विकास गुप्ता ने बेटे की गवाही पर उसके पिता प्रदीप सैनी को सोनिका की हत्या का दोषी मानते हुए उम्र कैद की सजा सुनाई और 60 हजार रूपए का अर्थदंड लगाया। सरकारी वकील दीपक सैनी ने आज बताया कि इस मामले में कोर्ट ने सास कौशल और देवर संदीप को बरी कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित