भोपाल , अक्टूबर 11 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवरात्रि के पहले दिन देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए बेटियों, बहनों और माताओं का सम्मान करने का संकल्प लेने की अपील की है।

श्री चौहान ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि व्रत-उपवास और मां की उपासना के साथ महिलाओं का सम्मान करना भी जरूरी है। यदि हम अपनी बेटियों, बहनों और माताओं का सम्मान नहीं करते, तो मां की पूजा-भक्ति का कोई लाभ नहीं है।

उन्होंने कहा कि बेटियां देवियों के समान हैं और बहनों तथा माताओं में भी देवी का निवास है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने हृदय और अंतरात्मा से महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव रखना चाहिए तथा उनके सम्मान को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए। श्री चौहान ने मां शैलपुत्री से सभी पर कृपा और आशीर्वाद बनाए रखने की कामना करते हुए देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित