बैतूल , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र के ग्राम धामनगांव में मंगलवार को पानी के टांके में डूबने से मां और उसकी दो वर्षीय बेटी की मौत हो गई। दोनों के शव टांके में मिले। घटना का पता उस समय चला, जब घर में मौजूद छह माह के बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धामनगांव निवासी सुभाष वागद्रे के घर पर पानी का टांका बना हुआ है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सुभाष की 26 वर्षीय पत्नी दीपिका वागद्रे टांके की पटिया हटाकर घरेलू कामकाज और कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान उनकी दो वर्षीय बेटी जियांशी खेलते समय असंतुलित होकर पानी के टांके में जा गिरी।

बेटी को डूबता देखकर दीपिका उसे बचाने के लिए टांके में कूद गईं। पानी की गहराई के कारण वह बेटी को बचाकर बाहर नहीं निकल सकीं और दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना के समय दीपिका के पति सुभाष और सास-ससुर खेत पर गए हुए थे।

घटना के कुछ समय बाद दीपिका का पांच-छह माह का बेटा, जो पास में झूले में सो रहा था, जाग गया और मां को आसपास नहीं पाकर रोने लगा। बच्चे के लगातार रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे। मां और बेटी के नहीं मिलने पर उन्होंने खेत में मौजूद सुभाष को सूचना दी।

सुभाष घर लौटे और पत्नी तथा बेटी की तलाश की। बाद में खुले हुए पानी के टांके में झांकने पर दोनों के शव पानी में दिखाई दिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भैंसदेही भेजा। घटना के बाद धामनगांव में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित