पटना, जनवरी 31 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने शनिवार को कहा कि राजधानी पटना में नीट अभ्यर्थी छात्रा की हत्या मामले को लेकर सरकार गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच के लिये मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच की सिफारिश की है।

श्री मिश्र ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की इस पहल से यह साफ हो गया है कि बेटियों की सुरक्षा राजग सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि न्याय और कानून व्यवस्था पर किसी तरह का समझौता सरकार को स्वीकार्य नहीं है। नीट अभ्यर्थी छात्रा की हत्या मामले को सीबीआई जांच की अनुशंसा राजग सरकार की मंशा को स्पष्ट कर देती है। मामले की तह तक जाकर दोषियों को पकड़ना और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाना सरकार का लक्ष्य है।

श्री मिश्र ने कहा कि सुशासन के साथ किसी को खिलवाड़ करने की इजाज़त नहीं दी जायेगी। दोषी चाहे कोई हो, कितना भी रसूख वाला क्यों न हो, वह सख्त सजा का भागीदार होगा। उन्होंने कहा कि कानून का राज सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) शासनकाल के बाद राजग सरकार ने प्रदेश में अमन-चैन के साथ सुशासन की स्थापना की। यदि कोई कानून को अपने हाथ में लेगा और सुशासन के आड़े आयेगा, तो वह हर हाल में जेल की सलाखों के भीतर होगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस संवेदनशील मामले पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का घृणित कार्य कर रहे हैं, अनावश्यक बयानबाजी कर माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे लोगों से गुजारिश है कि वे प्रदेश की राजनीतिक मर्यादा का ख्याल रखें। इतना नीचे नहीं, गिर जाएं कि फिर उठ भी नहीं सकें।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में राजग की सरकार प्रदेश की कानून व्यवस्था कभी बिगड़ने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि राजग की सरकार पर प्रदेश के लोगों को पूरा भरोसा है। उन्हें पूरा भरोसा है कि नीट अभ्यर्थी छात्रा की हत्या के गुनाहगारों को सरकार उसकी मांद से खींचकर बाहर निकालेगी। राजग सरकार जनता के भरोसे को कभी टूटने नहीं देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित