जयपुर , अप्रैल 15 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्रमें अपनी विशिष्ट पहचान बना रही हैं और उनका दृढ़ आत्मविश्वास ही विकसित भारत के सपने को हकीकत में बदलेगा।

श्री शर्मा बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश की छात्राओं के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण निर्णायक कदम बताया और कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से आधी आबादी अब निर्णय लेने की मुख्य भूमिका भी निभाएगी। इससे महिलाएं योजना एवं बजट बनाने सहित देश के हर अहम निर्णय में शामिल होंगी।

उन्होंने कहा कि जब बेटियां आगे बढ़ती हैं, तो परिवार, जिला, प्रदेश और राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर होताहै। नेतृत्व में नारी शक्ति की भागीदारी बढ़े, इसके लिए यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाए हैं। इस अधिनियम के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी हैं और नारी शक्ति वंदन अधिनियम उनके लिए संभावनाओं के नये द्वार खोलेगा। छात्राएं आत्मनिर्भर बनने के साथ ही समाज और प्रदेश के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि महिलाएं शासन और अर्थव्यवस्था के हर क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता को साबित कर रही हैं। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु अपने दृढ़ आत्मविश्वास के जरिए पूरे देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उन्होंने केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और प्रदेश की वित्त मंत्री दिया कुमारी के कार्यों को महिला शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार महिलाओं की सुरक्षा और समृद्धि के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' जैसी योजना के माध्यम से बालिका लिंगानुपात में बढ़ोतरी हुई है। उज्ज्वला, जन-धन और मुद्रा जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान की गयी है।

श्री शर्मा ने वीसी के माध्यम से जुड़ी मेडिकल, इंजीनियरिंग, डेटा साइंस सहित विभिन्न शिक्षण क्षेत्रों की छात्राओं से संवाद कर उनके कार्यक्षेत्र के अनुभवों और महिला सशक्तीकरण के सुझावों को सुना। उन्होंने पचपदरा में केमिकल इंजीनियर श्रेया के चुनौतीपूर्ण कार्यक्षेत्र के चयन की सराहना करते हुए उनकी हौसला अफजाई की वहीं ऑस्ट्रेलिया में डेटा साइंस की छात्रा तारुषी ने मुख्यमंत्री को स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता के लिए धन्यवाद दिया। मेयो गर्ल्स कॉलेज की छात्रा नव्या ने कहा कि इस अधिनियम ने महिलाओं को नीति निर्माण में सशक्त भागीदारी का मौका दिया है।

कार्यक्रम में छात्राओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित की जा रही कल्याणकारी योजनाओं के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित