पटना , जून 12 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारियों और एक चालक की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने शुक्रवार को जारी अपने शोक संदेश में इस घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया ओर कहा कि यह अपूरणीय क्षति पूरे पुलिस परिवार के लिए गहरा आघात है।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने दिवंगत आत्माओं की चिर शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में बिहार सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार की देर रात बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर एक कार की ट्रक से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में मधेपुरा जिले के बेलारी, आरर ओर रतवारा थाना प्रभारी तथा चालक की मौत हो गई थी। तीनों थाना प्रभारी पटना में प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा करने के बाद कार से मधेपुरा लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित