पटना , अगस्त 14 -- जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अपने खिलाफ केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह के बयान का जवाब देते हुए शुक्रवार को कहा कि श्री सिंह बेगूसराय में कुशवाहा मतों को लामबंद करने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तरफदारी कर रहे हैं।
श्री किशोर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री सिंह कुछ समय से उनके खिलाफ बोल रहे है और यदि वह अपने अनर्गल बयानों से बाज नहीं आते हैं तो भविष्य में उनकी भी कुंडली खोल दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस समय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पक्ष में बोलने वालों कमी है, लेकिन श्री सिंह उनके पक्ष में बोल कर अपने संसदीय क्षेत्र में कुशवाहा मतों को हासिल करना चाहते हैं ।
जनसुराज के सूत्रधार ने कहा कि श्री सिंह की छवि हिन्दू-मुस्लिम, झटका मीट पर बोलने और चंदन टीका वाले की है। उन्होंने कहा कि गंभीर मसलों पर उनको अभी बोलते हुए नही देखा गया है । उन्होंने कहा कि बेगूसराय की लड़की से पटना के एक होटल में दुर्व्यवहार तथा नीट छात्रा कांड जैसे मसलों पर उनका मुंह नहीं खुला, लेकिन उलूल जुलूल मुद्दों पर वह बोलते रहते हैं।
श्री किशोर ने कहा कि श्री सिंह केंद्रीय कपड़ा मंत्री हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में बिहार में कोई भी उद्योग नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि श्री सिंह के उपर उम्र का भी प्रभाव होने लगा है और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरह उनके भी सेवानिवृत होने का समय आ गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित