बेगूसराय , मई 26 -- बिहार में बेगूसराय जिले के मंझौल थाना क्षेत्र में मंगलवार को बाइक और कार की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला एवं उसके पांच माह के बेटे की मौत हो गई, तथा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि चेरिया बरियारपुर गांव निवासी छात्रा सुमन कुमारी (25) अपने देवर सौरभ कुमार के साथ पांच माह के बेटे प्रिंस कुमार को गोद में लेकर मोटरसाइकिल से स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा देने बेगूसराय स्थित एस.के. महिला कॉलेज परीक्षा केंद्र जा रही थी।
सूत्रों ने बताया कि सिउरी पुल पर बस से साइड लेने के दौरान विपरीत दिशा से आ रही कार से बाइक की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में सुमन कुमारी और उनके पुत्र प्रिंस कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सौरभ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मंझौल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित