खरगोन , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के महेश्वर क्षेत्र में शुक्रवार को एक बेकाबू पिकअप वाहन बारात में शामिल लोगों पर चढ़ गया, जिससे एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब बारात गुजर मोहना गांव में दुल्हन के घर के पास पहुंच चुकी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप वाहन खड़ा था और चालक नीचे उतरकर समारोह में शामिल हो गया था। इसी दौरान वाहन के केबिन में बैठे बच्चों में से किसी ने इग्निशन चालू कर दिया, जिससे वाहन अचानक चल पड़ा।

अनियंत्रित पिकअप ने नृत्य कर रहे बारातियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन आगे जाकर एक पेड़ और दोपहिया वाहनों से टकराकर पलट गया। घायलों को महेश्वर और मंडलेश्वर के शासकीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि चार गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में 32 वर्षीय रेखा, जो दूल्हे की बहन बताई जा रही है, गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। दूल्हा राकेश भी घायल हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारात में करीब 150 लोग शामिल थे और यह सजनीपुरा फलिया से बेडीपुरा जा रही थी। दुल्हन के घर के समीप पहुंचने पर वाहन में कुछ बच्चे बैठे रह गए थे, जिससे यह घटना घटित हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत और बचाव कार्य की निगरानी की। महेश्वर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित