रायसेन , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के बाड़ी में बुधनी-बाड़ी फोरलेन निर्माण मार्ग पर गिट्टी-राखड़ से भरे बेकाबू डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया।
बताया गया है कि निर्माण कार्य के चलते सड़क के एक हिस्से से ही यातायात संचालित किया जा रहा है। इसी दौरान गिट्टी और राखड़ से भरे डंपरों की आवाजाही के कारण सुबह से ही सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान एक बेकाबू डंपर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक बाबई गांव का निवासी बताया गया है।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और उन्होंने निर्माण मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी कर भारी वाहनों के संचालन का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि निर्माणाधीन मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने करीब दो घंटे बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया। एसडीओपी नीलम चौधरी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है तथा हादसे की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित