कोरबा , फरवरी 14 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पार करते हुए एक मकान को तोड़ता हुआ आंगन में जा घुसा। हादसे में आंगन में बर्तन धो रही गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास में खेल रहे दो बच्चे और एक बुजुर्ग बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार बाजार पारा में भोलाराम सूर्यवंशी का मकान सड़क किनारे स्थित है। शनिवार शाम लगभग 4 बजे उनकी बड़ी बहू शशि बाई सूर्यवंशी (उम्र लगभग 25 वर्ष) रोज की तरह भोजन के बाद आंगन में बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे घर में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और शशि बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतका शशि सूर्यवंशी गर्भवती थीं और उनके दो छोटे बच्चे हैं। उनके पति गजपाल सूर्यवंशी पेशे से ड्राइवर हैं। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित