प्रयागराज , अप्रैल 08 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कौंधियारा थाना क्षेत्र के सेमरी शांतिनगर में मंगलवार एक बेकाबू ट्रक ने दो लोगों को रौंद दिया, जिसके कारण एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़हा निवासी अनिल सिंह (45) अपने साथी रामजी विश्वकर्मा (निवासी मांगी कलरहटी, खीरी) के साथ किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही वे सेमरी शांतिनगर के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रामजी विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।सूचना मिलने पर कौंधियारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सूत्रों के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित