सागर , मई 28 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र अंतर्गत जरूवाखेड़ा पुलिस चौकी इलाके में आज सुबह एक बेकाबू ट्रक सड़क किनारे स्थित दुकान और कच्चे मकानों में घुस गया, जिससे एक युवक घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना मुहाल झंडापुरा क्षेत्र में सागर-खुरई मार्ग पर हुई। ट्रक सागर से खुरई की ओर जा रहा था, तभी वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकान और कच्चे मकानों को क्षतिग्रस्त करता हुआ आगे बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक की चेचिस बीच से टूट गई। चालक कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना में जरूवाखेड़ा मुहाल निवासी अशोक अहिरवार घायल हो गया, जो तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल जा रहा था। घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर जरूवाखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित