सीतापुर , जनवरी 15 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बेईमान पार्टी है। यह झूठे वादे करती है। श्री यादव आज दोपहर बाद पूर्व सांसद स्वर्गीय हरगोविंद वर्मा की पुण्यतिथि पर लहरपुर कस्बे में किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा के संरक्षण में वसूली अभियान चल रहा है। यह सरकार पूंजी पतियों के इशारे पर चल रही है। किसानों ,गरीबों, मजदूरों की समस्याओं के बारे में इसको कोई मतलब नहीं है। बड़े-बड़े उद्योगपतियों से छोटे-छोटे काम करवाए जा रहे हैं, जिससे गरीब, मजदूर का काम खत्म हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अधिकारी मिलकर प्रदेश को लूट रहे हैं। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि एसआईआर का काम कार्यकर्ता बड़ी मेहनत से कर रहे हैं। भाजपा की सरकार में लॉ एंड ऑर्डर कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है।महिलाओं के साथ रोज घटनाएं हो रही है।
श्री यादव ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि 2027 में भाजपा हटेगी और समाजवादी पार्टी प्रदेश में सरकार बनाएगी। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि ब्राह्मण एक बुद्धिजीवी कौन है। ब्राह्मणों को भाजपा में सम्मान नहीं मिल रहा है। हमने उनसे अनुरोध किया है कि वह समाजवादी पार्टी में आए. उन्हें पूरा सम्मान मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्व सांसद स्वर्गीय हरगोविंद वर्मा के पुत्र अनिल वर्मा, एमएलसी जास्मीन अंसारी, सहित कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में किसान किसान सम्मेलन में उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित