श्री आनंदपुर साहिब , मई 06 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को सख्त एंटी-बेअदबी कानून लागू होने के बाद श्री आनंदपुर साहिब स्थित तख्त श्री केसगढ़ साहिब में माथा टेक कर चार दिवसीय 'शुकराना यात्रा' की शुरुआत की।

इस अवसर पर उनके साथ कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा परमात्मा का धन्यवाद करने के लिए निकाली जा रही है, जिन्होंने उन्हें 'जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम 2026' लागू कर मानवता की सेवा करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि अब यदि कोई श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने की हिमाकत करेगा, तो उसे पूरी जिंदगी जेल में रहना पड़ेगा। यह कानून भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्त रोक लगाएगा।

श्री मान ने कहा कि आज़ादी के बाद पंजाब में विपक्षी दलों की कई सरकारें आयीं, लेकिन केवल आम आदमी पार्टी की सरकार ने बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों से जुड़े लोग पहले बेअदबी की घटनायें करवाते थे, इसलिए अब वे इस कानून का विरोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब हर सिख के लिए पिता समान हैं और उनकी पवित्रता की रक्षा करना सभी का कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि दुनिया भर से लोग इस ऐतिहासिक फैसले पर उन्हें बधाई और धन्यवाद दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि नौ मई तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान वह तख्त श्री केसगढ़ साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब, श्री दमदमा साहिब, मस्तुआना साहिब, गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब और श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून के पीछे कोई राजनीतिक मंशा नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पिछली सरकारों की लापरवाही से आहत हुई जनता की भावनाओं को सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए इस पवित्र मुद्दे पर भी राजनीति कर रहे हैं, लेकिन पंजाब की जनता सब समझती है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने छोटा साहिबजादों की शहादत, श्री आनंदपुर साहिब के ऐतिहासिक महत्व और पंजाब सरकार द्वारा अमृतसर वॉल्ड सिटी, तलवंडी साबो और श्री आनंदपुर साहिब को पवित्र शहर घोषित करने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन शहरों के समग्र विकास के लिए धन और संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित