चंडीगढ़ , अगस्त 06 -- पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने गुरुवार को कांग्रेस विधायकों के साथ विधानसभा परिसर में बैनर और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि बेअदबी मामलों में दोषियों को अब तक सजा न मिलना आम आदमी पार्टी सरकार की सबसे बड़ी विफलता है।

श्री धालीवाल ने कहा कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने बहिबल कलां, कोटकपूरा और बरगाड़ी बेअदबी मामलों में जल्द न्याय दिलाने का वादा किया था, लेकिन साढ़े चार वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो दोषियों को सजा मिली और न ही जांच की स्थिति स्पष्ट की गयी। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में प्रभावी पैरवी करने के बजाय सरकार ने सभी केस पंजाब से बाहर स्थानांतरित करवा दिये। उन्होंने मांग की कि पंजाब सरकार विधानसभा में बेअदबी मामलों की जांच की पूरी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करे, दोषियों के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे तथा पीड़ित परिवारों को बिना किसी और देरी के न्याय दिलाये।

श्री धालीवाल ने आरोप लगाया कि मान सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उनका कहना था कि बेअदबी जैसे संवेदनशील मामलों में न्याय में हो रही देरी से लोगों का कानून व्यवस्था और सरकार, दोनों पर विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को सदन और पंजाब की जनता के सामने जांच की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित