होशियारपुर , अगस्त 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय कुमार सांपला ने वर्ष 2015 के बेअदबी से जुड़े मामलों की जांच कर रही पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी ) के समक्ष पेश होने के लिए नयी तारीख मांगी है।

श्री सांपला ने कहा कि 27 अगस्त को पार्टी के कार्यक्रमों में व्यस्त होने के कारण वह एसआईटी के सामने पेश नहीं हो सकेंगे।

मंगलवार को मॉडल टाउन थाना पुलिस की एक टीम ने श्री सांपला के आवास पर एसआईटी का नया नोटिस पहुंचाया। नोटिस में उन्हें 27 अगस्त को चंडीगढ़ में एसआईटी के समक्ष पेश होकर पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा गया था। यह मामला फरीदकोट जिले के बाजाखाना थाने में दर्ज वर्ष 2015 के मामलों से संबंधित है।

नोटिस प्राप्त करने के बाद श्री सांपला ने लिखित जवाब में कहा कि 27 अगस्त को उनके पहले से पार्टी की बैठकें और कार्यक्रम निर्धारित हैं। इसलिए वह उस दिन एसआईटी के समक्ष उपस्थित नहीं हो पाएंगे। उन्होंने जांच टीम से सितंबर में कोई अन्य तारीख निर्धारित करने का अनुरोध किया। श्री सांपला ने जांच से संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां उपलब्ध कराने की अपनी मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन पूछताछ के दौरान जिन दस्तावेजों का उल्लेख किया गया, उनकी प्रतियां उन्हें उपलब्ध नहीं करायी गयीं। उन्होंने कहा कि वह संबंधित दस्तावेजों का अध्ययन करना चाहते हैं, ताकि मामले को पूरी तरह समझकर जांच में सहयोग कर सकें। श्री सांपला ने आरोप लगाया कि पंजाब में भाजपा नेताओं को 'परेशान' किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और उन्हें अनावश्यक रूप से मामले में शामिल किया जा रहा है।

मॉडल टाउन थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को एसआईटी का नोटिस प्राप्त हुआ था, जिसे श्री सांपला के आवास पर पहुंचाकर उन्हें सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि श्री सांपला को 27 अगस्त को बाजाखाना थाने में दर्ज मामले के संबंध में चंडीगढ़ में एसआईटी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित