चित्तौड़गढ़ , नवंबर 01 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं थाने में तीन दिन पहले दो व्यापारियों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा की गई बर्बर मारपीट का मामला रविवार को तूल पकड़ गया। इस घटना के विरोध में मंडी व्यापारियों और सर्व समाज ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा, वहीं पीड़ित व्यापारियों ने सांसद से मिलकर अपनी आपबीती सुनाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन दिन पूर्व बेगूं अनाज मंडी के दो व्यापारियों मोहित और मिलन डांगी की मंडी स्थित धर्म कांटा संचालक के साथ तौल को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस दौरान वहां मौजूद एक होमगार्ड ने दोनों के साथ मारपीट कर दी। जब पीड़ित इस घटना की शिकायत करने थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उल्टे उन्हीं के खिलाफ राजकार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया और आरोप है कि रातभर उन्हें निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा गया।
इसके बाद, शनिवार को जमानत पर छूटने के बाद व्यापारियों ने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और होमगार्ड तथा थाने में मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की। हालांकि, इसके तहत केवल संबंधित होमगार्ड को लाइन हाजिर किया गया।
इस घटना से आहत पीड़ितों के परिजनों और मंडी व्यापारियों ने रविवार को उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया और दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। दोपहर बाद पीड़ित जिला मुख्यालय पहुंचकर सांसद सीपी जोशी से मिले और उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित