बेंगलुरु , सितंबर 24 -- कर्नाटक में अवैध रूप से रह रहे 160 बंगलादेशी नागरिकों को बेंगलुरु से वापस बंगलादेश भेज दिया गया है। कर्नाटक पुलिस, विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय, सीमा सुरक्षा बल और वायु सेना के एक समन्वित अभियान के तहत इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई बुधवार को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के हवाई अड्डे से एक विशेष विमान के जरिए अंजाम तक पहुंचायी गयी। यह कार्रवाई हाल के दिनों में बेंगलुरु में चलाए गए सबसे बड़े अभियानों में से एक है। अवैध प्रवासियों के खिलाफ चलाए गए एक गहन सत्यापन अभियान के दौरान इन नागरिकों की पहचान की गई थी, जिसके बाद कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने तक उन्हें निर्धारित जगहों में रखा गया था।
बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार सिंह ने बताया कि विशेष विमान के लिए शहर की पुलिस ने वायु सेना के साथ समन्वय किया, जबकि एफआरआरओ ने भारत-बंगलादेश सीमा पर प्रत्यर्पण की औपचारिकताओं के लिए बीएसएफ के साथ काम किया। विशेष विमान सुबह करीब 9:30 बजे एचएएल हवाई अड्डे से रवाना हुआ। अधिकारियों के अनुसार इस परिवहन का पूरा खर्च राज्य सरकार ने वहन किया है।
शहर के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए इस अभियान के तहत बेलंदूर से सबसे अधिक 50 अवैध प्रवासियों की पहचान की गई, इसके बाद वर्थुर से 29, बेगूर से 24, मराठहल्ली से 17, काडुगोडी से 12 और इलेक्ट्रॉनिक सिटी से नौ लोगों को पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त चिकमगलूर में पांच, बाणसवाड़ी में चार, बांडेपाल्या में तीन, गदग और कोथनूर में दो-दो तथा बागलूर, राममूर्तिनगर और व्हाइटफील्ड में एक-एक व्यक्ति की पहचान की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित