बेंगलुरु , अप्रैल 13 -- केंद्र सरकार ने बेंगलुरु और मुंबई के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेवा शुरू करने को मंजूरी दे दी है। जुलाई के अंत तक इस सेवा को आरंभ करने का लक्ष्य रखा गया है, जो विभिन्न शहरों में रेल संपर्क के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन होगा।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सोशल मीडिया पोस्ट का जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी के सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि ये दोनों शहर भारत के सबसे महत्वपूर्ण विकास इंजन हैं और विश्वस्तरीय रेल संपर्क के हकदार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस काम को पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने फोन पर हुई बातचीत के दौरान उन्हें सूचित किया है कि इस सेवा के लिए नये स्लीपर कोच वर्तमान में तैयार किये जा रहे हैं और जुलाई के अंत तक इसे शुरू करने के प्रयास जारी हैं। श्री सूर्या ने इस विकास को एक "अति आवश्यक विस्तार" बताया और कहा कि इससे दोनों प्रमुख आर्थिक केंद्रों के बीच यात्रा करने वाली कामकाजी आबादी को लाभ होगा।

इससे पहले, श्री फडणवीस ने इस निर्णय का स्वागत किया और इसे "शुभ समाचार" बताते हुये इस सेवा को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

श्री फडणवीस ने कहा कि मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और के.एस.आर. बेंगलुरु के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन यात्रियों के लिए एक परिवर्तनकारी कदम होगी। उन्होंने कहा कि ट्रेन की गति और विश्वस्तरीय सुविधायें यात्रा को गंतव्य की तरह ही सुखद बना देंगी।

श्री सूर्या ने श्री वैष्णव और राज्य मंत्री वी. सोमन्ना के निरंतर समर्थन के लिए भी आभार व्यक्त किया और कहा कि मोदी सरकार बुनियादी ढांचे के विकास में कार्य निष्पादन और नागरिकों को प्राथमिकता देने के दृष्टिकोण को महत्व देती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित