बेंगलुरु , मार्च 31 -- कर्नाटक में बेंगलुरु पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर-राज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जिसमें दो विदेशी नागरिकों सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
ये गिरफ्तारियां येलाहंका न्यू टाउन, अडुगोडी, भारतीनगर, जलाहल्ली और पुलिकेशीनगर पुलिस थाना क्षेत्रों में चलाये गये समन्वित अभियानों के बाद हुईं। ये अभियान सिंथेटिक और पौधों से बने नशीले पदार्थों की आवाजाही के बारे में मिली विशिष्ट खुफिया जानकारियों पर आधारित थे।
गिरफ्तार किये गये लोगों में एक व्यक्ति दूसरे राज्य का है और आठ स्थानीय निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी एक बड़े और संगठित नेटवर्क का हिस्सा थे, जो मुख्य रूप से छात्रों, आईटी पेशेवरों और पार्टी करने वाले लोगों को ड्रग्स की आपूर्ति करता था। इस नेटवर्क का मुख्य फोकस मेथिलीन डायोक्सी-मेथामफेटामाइन (एमडीएमए) जैसे महंगे सिंथेटिक ड्रग्स पर था।
छापों के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गयी, जिसमें 2.7 किलोग्राम एमडीएमए, 31 किलोग्राम 396 ग्राम गांजा, 220 ग्राम हाइड्रो गांजा और 162 ग्राम हेरोइन शामिल हैं। ड्रग्स की ढुलाई के लिए इस्तेमाल किया गया एक दोपहिया वाहन भी जब्त कर लिया गया।
जांचकर्ताओं को संदेह है कि जब्त किये गये पदार्थ विशेष रूप से एमडीएमए और हाइड्रो गांजा, अंतर-राज्यीय मार्गों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय चैनलों के माध्यम से मंगाये गये थे, जो संभावित सीमा-पार संबंधों की ओर इशारा करता है।
पुलिस ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि बेंगलुरु का इस्तेमाल इस नेटवर्क में एक मुख्य वितरण केंद्र के रूप में किया जा रहा था।
जब्त की गयी प्रतिबंधित सामग्री का कुल मूल्य लगभग 2.57 करोड़ रुपये आंका गया है, जबकि इसका बाजार मूल्य लगभग 5.14 करोड़ रुपये है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने, पैसा देने वाले और आपूर्तिकर्ताओं की पहचान करने और पूरे नेटवर्क को खत्म करने की कोशिशें जारी हैं। जांच के हिस्से के रूप में मोबाइल फोन और संचार रिकॉर्ड सहित डिजिटल सबूतों का विश्लेषण किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किये गये हैं और जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित