बेंगलुरु , अगस्त 10 -- कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने बेंगलुरु के लिए प्रस्तावित दूसरे हवाई अड्डे को तुमकुरु इलाके में बनाने की मांग का समर्थन करते हुए कहा है कि यह जगह मध्य कर्नाटक के लोगों के लिए ज़्यादा फ़ायदेमंद होगी। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि इस परियोजना को तकनीकी और नियामक ज़रूरतों को पूरा करना होगा।

श्री परमेश्वर ने बेंगलुरु का दूसरा हवाई अड्डा तुमकुरु में बनाने की मांग पर प्रतिक्रिया देते सोमवार को कहा कि सरकार का शुरू से ही यह मानना रहा है कि जगह का आकलन तकनीकी नज़रिए और उसकी कुल उपयोगिता दोनों ही आधारों पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "अगर यह राज्य की सीमा के पास कहीं स्थित होता है तो सवाल यह है कि यह कितना उपयोगी होगा। अगर यह तुमकुरु में बनता है, तो लगभग 20 ज़िलों के लोगों को, खासकर मध्य कर्नाटक के लोगों को, इससे फ़ायदा होगा।"उन्होंने कहा कि तुमकुरु हवाई अड्डा से बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तक आना-जाना आसान हो जाएगा और यह इलाक़े के लिए एक बड़ा विमानन केंद्र बन सकता है। श्री परमेश्वर ने कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को यह तय करना होगा कि प्रस्तावित जगह तय तकनीकी ज़रूरतों को पूरा करती है या नहीं।

उन्होंने कहा, "पहले बिदादी को इसलिए छोड़ दिया गया था क्योंकि तकनीकी रूप से इसे व्यावहारिक नहीं माना गया। अगर अब वहां इस प्रस्ताव को फिर से शुरू किया जाता है तो तकनीकी अधिकारियों को दिशानिर्देशों के आधार पर इसे स्वीकार करना होगा।"केंद्रीय मंत्री वी. सोमन्ना की ओर से दूसरा हवाई अड्डा तुमकुरु इलाके में बनाने की कोशिशें फिर से शुरू होने के बीच उनका ये बयान आया है। श्री परमेश्वर ने कहा कि तुमकुरु और आस-पास के ज़िलों के चुने हुए प्रतिनिधि मिलकर इस प्रस्ताव के समर्थन में केंद्र के सामने अपनी बात रखेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित