नोएडा , जून 13 -- उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और समर्पण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित "मीडिया संवाद" कार्यक्रम में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर लगातार विश्वास जताया है। प्रधानमंत्री का मंत्र "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" आज जन आंदोलन का रूप ले चुका है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है।

मंत्री ने बताया कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) व्यवस्था से भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है और लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाकर 4.31 लाख करोड़ रुपये की बचत की गई है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा पहले से अधिक मजबूत हुई है तथा सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक ने नए भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति को विश्व के सामने प्रदर्शित किया है।

उन्होंने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और किसान हितों में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि 11 करोड़ किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। वहीं उज्ज्वला योजना से 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं।

श्री सिंह ने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क 91 हजार किलोमीटर से बढ़कर लगभग 1.46 लाख किलोमीटर हो गया है। रेलवे का लगभग पूर्ण विद्युतीकरण हो चुका है और देशभर में 164 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा मेट्रो नेटवर्क, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी रिकॉर्ड विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा कि भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, बढ़ते विदेशी निवेश और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक स्वीकार्यता भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा के प्रमाण हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित