गोरखपुर , जुलाई 18 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री बृजेश पाठक ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस जिला चिकित्सालय, गोरखपुर के आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का शनिवार को जायजा लिया।
श्री पाठक निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिवारजनों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने आपातकालीन वार्ड, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड को वातातनुकूलित करने हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एसी लगाने तथा पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद उपमुख्यमंत्री ने एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण करने के पश्चात स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों, चिकित्सकों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, आयुष्मान भारत योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता, आवश्यक जांच सुविधाएं तथा मरीजों के साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर सांसद रवि किशन शुक्ला, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 कौस्तुभ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित जिला चिकित्सालय के चिकित्सक एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित