गोण्डा , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके विधायक पुत्र प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह ने नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, विधायक प्रतीक भूषण सिंह के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल कर उन्हें तथा उनके पिता को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के मुताबिक 14 जून को दोपहर करीब 2:22 बजे आए फोन कॉल में लगभग 35 सेकंड तक बातचीत हुई, जिसमें धमकी भरे शब्दों का प्रयोग किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक गोण्डा को दी। इसके बाद विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की तहरीर पर नगर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पुलिस की तकनीकी जांच में पता चला है कि कॉल करने वाला नंबर राजस्थान के अलवर जिले से संबंधित है। जांच के अनुसार उक्त सिम कार्ड संदीप शर्मा नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विधायक और उनका परिवार पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक गिरोहों और असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहा है। गोण्डा नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही धमकी देने के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित