वाराणसी , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों का आयोजन किया। इसी क्रम में काशी क्षेत्र की 71 विधानसभा सीटों पर भी सम्मेलन आयोजित किए गए, जहां बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार और मिशन-2027 की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ पर पार्टी की ताकत बढ़ाना प्रत्येक बूथ अध्यक्ष का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का आधार मजबूत बूथ संगठन है और "बूथ जीतो, चुनाव जीतो" पार्टी का मूल मंत्र है।

पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र के सभी 353 बूथ अध्यक्ष शामिल हुए। संगठनात्मक अनुशासन के तहत प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के लिए विधानसभा संख्या, बूथ क्रमांक और नाम अंकित सीट की व्यवस्था की गई थी।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने सम्मेलन के दौरान बूथ अध्यक्षों का बूथवार सत्यापन किया तथा संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हाल ही में चलाया गया बूथ सत्यापन अभियान सफल रहा है और यही अभियान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को लगातार तीसरी बार विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और सुदृढ़ बूथ संरचना हैं। बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करता है। इसलिए प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को अपने बूथ पर संगठन को सक्रिय, संगठित और प्रभावी बनाना होगा।

धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय एवं प्राथमिक सदस्यों की सूची तैयार की जाए। साथ ही पुराने और नए कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से नियमित संवाद बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों से नहीं, बल्कि सतत संपर्क, समन्वय और सक्रिय भागीदारी से आती है।

उन्होंने बूथ अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे अपनी बूथ समिति के प्रत्येक सदस्य को उसकी क्षमता के अनुरूप दायित्व सौंपें और सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन बूथ स्तर पर सुनिश्चित करें। स्थानीय नागरिकों की अधिकतम भागीदारी के साथ आदर्श बूथ निर्माण पर भी विशेष बल दिया गया।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से पूरी तैयारी के साथ कार्य करना होगा। प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर के सभी पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने में सफल होगी।

इस अवसर पर शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है और पार्टी की विचारधारा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में बूथ अध्यक्ष की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की ऊर्जा का केंद्र है और उसी के नेतृत्व में बूथ समिति समाज के बीच निरंतर सक्रिय रहती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि वर्षभर समाज सेवा, जनसंपर्क और संगठन विस्तार के कार्यों में सक्रिय रहता है। सम्मेलन में बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित