भोपाल/दतिया , जुलाई 28 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा की जीत का सबसे मजबूत आधार बूथ स्तर का कार्यकर्ता है और चुनाव केवल प्रचार से नहीं, बल्कि मजबूत संगठन तथा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से जीते जाते हैं।
डॉ. महेंद्र सिंह ने मंगलवार को दतिया विधानसभा के सीतापुर मंडल के सिरोल शक्ति केंद्र की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन बूथ की मजबूती पर खड़ा है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक बूथ अध्यक्ष, पोलिंग एजेंट और कार्यकर्ता समर्पण, अनुशासन तथा सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं, तब संगठन को ऐतिहासिक सफलता मिलती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार का चरण अब पूरा हो चुका है और अब संगठन की पूरी शक्ति मतदान दिवस के सफल प्रबंधन तथा अधिकतम मतदान सुनिश्चित कराने पर केंद्रित होनी चाहिए। मतदान का प्रत्येक वोट संगठन की वर्षों की मेहनत का परिणाम होता है, इसलिए मतदान के दिन अनुशासन, सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।
प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से मतदान समाप्त होने तक बूथ पर पूरी ऊर्जा के साथ डटे रहने तथा निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मतदान में सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और संगठन की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है। अब समय है कि उस मेहनत को मतदान के दिन परिणाम में बदला जाए।
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष, पोलिंग एजेंट और पन्ना प्रमुख अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा समर्थक मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखें। उन्होंने बूथ स्तर पर प्रभावी माइक्रो प्लानिंग और आपसी समन्वय के साथ अधिकतम मतदान सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा का मजबूत संगठन, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता का विश्वास दतिया विधानसभा में पार्टी की ऐतिहासिक विजय का मार्ग प्रशस्त करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित